News & Events
Group: JSG Bhamashah
जैन सोशल ग्रुप उदयपुर भामाशाह के संस्थापक अध्यक्ष श्री रोशनलाल जी डांगी की अध्यक्षता में ग्रुप के सभी सदस्यों द्वारा सूर्यास्त से पूर्व भोजन के पश्चात "अनुभव, आत्ममंथन एवं आगामी पथ" विषय पर एक प्रेरणादायी सभा का आयोजन दिनांक 28 जून 2026 को भैरव बाग में किया गया। बैठक का शुभारम्भ मुख्य अतिथि जेएसजीआईएफ मेवाड़ रीजन के ज़ोन कॉर्डिनेटर श्री देशबन्धु जी जैन, संस्थापक अध्यक्ष श्री रोशनलाल जी डांगी एवं ग्रुप अध्यक्ष श्री ललित जी हिंगड़ द्वारा भगवान श्री महावीर स्वामी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात श्रीमती सरोज जैन, श्रीमती संध्या कोठारी, श्रीमती आशा कोठारी एवं श्रीमती सुशीला भाणावत द्वारा श्रद्धापूर्वक णमोकार मंत्र एवं ग्रुप प्रार्थना प्रस्तुत की तथा फेडरेशन सूत्र का वाचन श्रीमती अरुणा पटवा ने किया। परम्परानुसार मंचासीन अतिथियों का ऊपरना ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया। अपने स्वागत उद्बोधन में ग्रुप अध्यक्ष श्री ललित जी हिंगड़ ने सभी दम्पति सदस्यों का हार्दिक स्वागत करते हुए ग्रुप की गतिविधियों में उनके निरंतर सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रुप निरंतर व्यवस्थित एवं सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा इसे नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए प्रत्येक सदस्य के अनुभव एवं सुझाव अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इसी उद्देश्य से इस विशेष बैठक का आयोजन अनुभव साझा करने एवं भविष्य की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श के लिए किया गया। बैठक में इस वर्ष ग्रुप से जुड़े नवीन दम्पति सदस्यों को मुख्य अतिथि श्री देशबन्धु जी जैन ने सदस्यता की शपथ दिलाई तथा ग्रुप का लोगो पिन भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम को मनोरंजक एवं संगीतमय स्वरूप प्रदान करते हुए ग्रुप के पूर्व अध्यक्ष श्री दिनेश जी सेठ, कोषाध्यक्ष श्री इन्दरमल जी पटवा एवं श्री अरुण जी नाहर ने मधुर गीतों की प्रस्तुतियाँ देकर सभी का भरपूर मनोरंजन किया। बैठक दिवस पर दानवीर भामाशाह जयंती होने के उपलक्ष्य में ग्रुप की सदस्या श्रीमती निर्मला सामर ने अपनी स्वरचित एवं प्रेरणादायी कविता का प्रभावशाली पाठ कर भामाशाह के त्याग, दान एवं राष्ट्रभक्ति का भावपूर्ण स्मरण कराया। इस अवसर पर विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) एवं विश्व योग दिवस (21 जून) पर आयोजित विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रमों में उत्कृष्ट लघु वीडियो निर्माण हेतु श्रीमती मंजू सरूपरिया, श्री भँवरलाल भाणावत एवं श्रीमती उषारानी भाणावत का ऊपरना ओढ़ाकर सम्मान एवं अभिनन्दन किया गया। अनुभव साझा करने के सत्र में सदस्य श्री सी.एस.आर. मेहता, डॉ. हेमेंद्र कुमार वर्डिया, श्री अरुण जी नाहर, पूर्व अध्यक्ष श्री दिनेश जी सेठ तथा मेवाड़ रीजन संगिनी फोरम कन्वीनर श्रीमती मंजू गांग ने अपने विचार रखते हुए ग्रुप के सुदृढ़ संचालन एवं भावी योजनाओं पर अनेक महत्वपूर्ण एवं व्यवहारिक सुझाव प्रस्तुत किए। चर्चा के दौरान विशेष रूप से यह विचार उभरकर सामने आया कि यद्यपि ग्रुप के अधिकांश सदस्यों की औसत आयु 65 वर्ष से अधिक है, फिर भी समय की आवश्यकता को देखते हुए सभी को डिजिटल एवं कम्प्यूटर फ्रेंडली बनने का प्रयास करना चाहिए। इससे ग्रुप की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी होगी तथा फेडरेशन स्तर पर ग्रुप की एक विशिष्ट एवं सशक्त पहचान स्थापित होगी। बैठक के समापन से पूर्व सभी सदस्यों ने हाउजी गेम का उत्साहपूर्वक आनंद लिया। श्रीमती मंजू गांग, श्रीमती अरुणा पटवा एवं ग्रुप अध्यक्ष श्री ललित जी हिंगड़ ने अत्यंत रोचक एवं हास्यपूर्ण शैली में गेम का संचालन कर वातावरण को आनंदमय बना दिया। अंत में ग्रुप के उपाध्यक्ष श्री रतन जी जैन ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया l राष्ट्रगान के साथ बैठक का गरिमापूर्ण समापन हुआ l सम्पूर्ण कार्यक्रम का प्रभावी एवं सजीव संचालन ग्रुप सचिव श्री भूपेन्द्र जैन ने अपनी चिरपरिचित ओजपूर्ण एवं काव्यमय शैली में किया, जिसकी सभी उपस्थित सदस्यों ने मुक्तकंठ से सराहना की।