News & Events

पर्यावरण जागरूकता अभियान - जेएसजी भामाशाह

Date: 05-06-2026

Group: JSG Bhamashah

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जैन सोश्यल ग्रुप भामाशाह के अध्यक्ष ललित हिंगड़ के नेतृत्व एवं सचिव भूपेन्द्र जैन के संयोजन में पर्यावरण संरक्षण एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता अभियान संचालित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुँचाने का प्रयास किया गया। अभियान के अंतर्गत सदस्यों ने "मेरा पर्यावरण – मेरी जिम्मेदारी" विषय पर अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रकट की। साथ ही सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा प्रकृति संरक्षण हेतु निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प भी लिया। सदस्यों द्वारा अपने घरों की बालकनी, टेरेस गार्डन, किचन गार्डन एवं विभिन्न प्रकार के पौधों के फोटो व व वीडियो के माध्यम से हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष ललित हिंगड़ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी सामाजिक आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक परिवर्तन अपनाए तो प्रकृति संरक्षण के क्षेत्र में बड़े परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से पर्यावरण के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार बनने का आह्वान किया तथा सचिव भूपेन्द्र जैन ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जन-जागरूकता और जनभागीदारी दोनों आवश्यक हैं तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। जैन सोशल ग्रुप भामाशाह द्वारा आयोजित इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवनशैली एवं प्लास्टिक मुक्त समाज का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित किया गया। संस्था ने भविष्य में भी इसी प्रकार की सामाजिक एवं जनहितकारी गतिविधियों के माध्यम से समाज में सकारात्मक जागरूकता का वातावरण निर्मित करने का संकल्प व्यक्त किया।