News & Events

आस्था, संस्कृति और संगठन का संगम

Date: 26-04-2026

Group: JSG Bhamashah

जैन सोशल ग्रुप भामाशाह के संस्थापक अध्यक्ष श्रीमान रोशनलाल जी डांगी की अध्यक्षता तथा अध्यक्ष श्रीमान ललित जी हिंगड़ एवं सचिव श्री भूपेन्द्र जैन के नेतृत्व में ग्रुप की मासिक बैठक, भगवान श्री महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव के रूप में अत्यंत गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुई। यह आयोजन मुख्य अतिथि जे.एस.जी. आई.एफ. मेवाड़ रीजन के चेयरमेन श्रीमान अरुण जी माण्डोत तथा विशिष्ट अतिथि ज़ोन कॉर्डिनेटर श्रीमान देशबन्धु जी जैन के सानिध्य में, श्री महावीर साधना एवं स्वाध्याय समिति भवन, अम्बामाता में दिनांक 26 अप्रेल 2026,रविवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ सचिव श्री भूपेन्द्र जैन ने अपनी विशिष्ट काव्यात्मक शैली में अतिथियों को मंचासीन होने हेतु आमंत्रित कर किया। तत्पश्चात मंचासीन अतिथियों द्वारा भगवान श्री महावीर के समक्ष दीप प्रज्वलित किया गया। इस अवसर पर श्रीमती सुशीला सेठ, श्रीमती कुसुम खाब्या एवं श्रीमती पुष्पा सिसोदिया ने सामूहिक रूप से णमोकार मंत्र का सस्वर जाप करते हुए समूह प्रार्थना प्रस्तुत की, जिससे सम्पूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित हो उठा। श्रीमती मंजू सरूपरिया द्वारा फेडरेशन सूत्र का प्रभावशाली वाचन किया गया। भारतीय संस्कृति के “अतिथि देवो भवः” के आदर्श को आत्मसात करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमान अरुण जी माण्डोत, विशिष्ट अतिथि श्रीमान देशबन्धु जी जैन, संस्थापक अध्यक्ष श्रीमान रोशनलाल जी डांगी, अध्यक्ष श्रीमान ललित जी हिंगड़ एवं सचिव श्रीमान भूपेन्द्र जी जैन का शब्दों की सुमन-माला एवं पंचरंगी जैन उपरना द्वारा भव्य अभिनंदन किया गया। चूँकि यह आयोजन भगवान महावीर जन्मकल्याणक के रूप में मनाया जा रहा था, अतः समस्त पुरुष सदस्य श्वेत वस्त्रों में तथा महिलाएँ केसरिया परिधान में उपस्थित रहीं। सभी सदस्यों का भी पंचरंगी जैन उपरना से स्वागत किया गया, जिससे संपूर्ण सभा का वातावरण भक्ति एवं श्रद्धा से सराबोर हो उठा। इस अवसर पर माता त्रिशला के सोलह स्वप्नों पर आधारित एक अत्यंत मनमोहक एवं सांस्कृतिक नाट्य प्रस्तुति दी गई। इसमें कुसुम खाब्या माता त्रिशाला के रूप में तथा सरोज जैन, शशि हिंगड़, उषा पटवा, सुशीला सेठ, आशा मेहता, पुष्पा सिसोदिया, दमयंती भंडारी, कान्ता चपलोत, बीना मारू, रंजना लोढ़ा, संध्या कोठारी, सरोज मारवाड़ी, शांता खमेसरा, मंजू चौधरी एवं उदय कंवर ने आकर्षक वेशभूषा एवं मुकुट धारण कर ढोल-नगाड़ों के साथ स्वप्नों का जीवन्त मंचन किया, जिसने सभी उपस्थितजनों को भाव-विभोर कर दिया। साथ ही श्रीमती निर्मला सामर एवं श्रीमती पुष्पा सिसोदिया ने नाट्य रूप में धार्मिक जीवन मूल्यों को अपनाने का प्रेरणादायी संदेश दिया। मुख्य अतिथि श्रीमान अरुण जी माण्डोत ने अपने करकमलों से ग्रुप से जुड़े नवीन दम्पति सदस्यों को सदस्यता की शपथ दिलाई। अपने आशीर्वचन में उन्होंने कहा कि भामाशाह ग्रुप के सदस्य वरिष्ठ नागरिक होने के बावजूद प्रत्येक कार्यक्रम में नवीनता एवं उत्कृष्टता का परिचय देते हैं, जो संगठन की सुदृढ़ता एवं पारिवारिक बंधुत्व को दर्शाता है। उन्होंने रीजन स्तर की गतिविधियों की जानकारी देते हुए ग्रुप की सक्रिय सहभागिता की सराहना की। इसी अवसर पर रीजन द्वारा संचालित मेडिकल इक्यूपमेंट बैंक हेतु ग्रुप के माध्यम से सदस्या श्रीमती लीलावती जी कोठारी द्वारा रुपये पाँच हजार की सहयोग राशि भेंट की गई। कार्यक्रम का प्रभावी एवं सुसंचालित संचालन सचिव श्री भूपेन्द्र जैन के साथ जिसमें विशेष रूप से श्रीमती मंजू सरूपरिया एवं श्रीमती आशा मेहता की भूमिका रही। अंत में पूर्व अध्यक्ष श्रीमान दिनेश जी सेठ ने इस आयोजन को अत्यंत विशिष्ट एवं अविस्मरणीय बताते हुए समस्त अतिथिगण, दम्पति सदस्यगण एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।